चीनी प्रधानमंत्री ने वियतनामी राष्ट्रपति से मुलाकात की

(CRI)13:51:24 2026-04-16

 

15 अप्रैल की दोपहर को, चीन के प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने पेइचिंग के जन बृहद भवन में वियतनाम की राजकीय यात्रा पर आए वियतनामी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव और राष्ट्रपति टो लाम से मुलाकात की।

ली छ्यांग ने जोर दिया कि चीन, वियतनाम के साथ मिलकर शीर्ष नेतृत्व के रणनीतिक मार्गदर्शन में एक-दूसरे का समर्थन करेगा, व्यावहारिक सहयोग को गहराएगा और दोनों देशों के लोगों को अधिक लाभ पहुंचाने के साथ क्षेत्रीय तथा वैश्विक स्थिरता में योगदान देगा।

ली छ्यांग ने कहा कि चीन, वियतनाम के साथ विकास रणनीतियों के समन्वय को मजबूत करना चाहता है। इसके तहत रेलवे, राजमार्ग और स्मार्ट बंदरगाह जैसे बुनियादी ढांचे में कनेक्टिविटी बढ़ाने, व्यापार और निवेश को विस्तार देने तथा सुरक्षित और स्थिर औद्योगिक एवं आपूर्ति श्रृंखलाओं का निर्माण करने पर जोर रहेगा। साथ ही, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नई ऊर्जा और प्रमुख खनिजों जैसे क्षेत्रों में नए सहयोग के अवसर तलाशे जाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देश “चीन-वियतनाम पर्यटन सहयोग वर्ष” के तहत गतिविधियां आयोजित करेंगे, ताकि लोगों के बीच संपर्क बढ़े और पारंपरिक मित्रता और मजबूत हो। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, दोनों देशों को संयुक्त राष्ट्र, APEC, पूर्वी एशिया सहयोग और लांकांग–मेकोंग सहयोग जैसे मंचों पर समन्वय बढ़ाने, एकतरफावाद और शक्ति की राजनीति का विरोध करने तथा निष्पक्षता और पारस्परिक लाभ को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।

टो लाम ने चीन की आर्थिक और सामाजिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वियतनाम, चीन के साथ संबंधों को अपनी विदेश नीति में सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि वियतनाम, चीन के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करने, विशेष रूप से रेलवे सहयोग बढ़ाने, व्यापार और निवेश को विस्तार देने तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और प्रशिक्षण में साझेदारी को गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय बढ़ाएंगे, द्विपक्षीय सहयोग में मौजूद समस्याओं को सुलझाएंगे, समुद्री सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखेंगे और वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की क्षमता को मजबूत करेंगे। इससे दोनों देशों के संबंधों को नए स्तर पर ले जाने के लिए ठोस आधार तैयार होगा।